Deoli News 27 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री बजट भाषण घोषणा बिंदु के अनुसार मल्टी सेक्टरल प्रोग्राम के रूप में मिशन हरियालों राजस्थान को लेकर उपखंड में रविवार को हरियाली तीज पर उपखंड स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा।
देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि इसे लेकर उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने कार्यालय आदेश जारी किया है। दरअसल यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत चांदली में 27 जुलाई दोपहर 2 बजे आयोजित होगा। विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली को इस कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली को कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने, पौधारोपण के लिए गड्ढे खुदवाने और पौधों की जियो टैगिंग करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह अधिशासी अधिकारी नगरपालिका देवली और दूनी को नगरपालिका स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी और बीपीएम राजीविका देवली को भी कार्यक्रम में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी देवली को कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम में कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाएं राजस्थानी परिधान में शामिल होंगी। इसके अलावा, जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। सरकार का प्रतिवर्ष इस मिशन के तहत 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। वहीं सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को इसमें उपस्थित रहने को कहा है।



