Deoli News 23 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक-सवाईमाधोपुर सांसद हरीश चंद्र मीना ने निवाई के करेडा बुजुर्ग में पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया द्वारा कथित तौर पर मुस्लिम महिलाओं से धर्म पूछकर कंबल वापस लेने और सांप्रदायिक टिप्पणी करने की घटना पर आक्रोश जताया है।
सांसद मीना ने इसे अमानवीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर आघात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच व कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति द्वारा समाज को बांटने का ऐसा प्रयास सामाजिक सौहार्द और देश की एकता के लिए गंभीर खतरा है, जिससे प्रधानमंत्री और देश की छवि भी प्रभावित हुई है। सांसद ने जोर देकर कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता से है और इसे कमजोर करने वाली मानसिकता के विरुद्ध सख्त कदम उठाना अनिवार्य है।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस संवेदनशील मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


