Deoli News 9 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रक्षाबंधन पर हर साल आंवा में पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी को उनकी मुस्लिम बहन राखी बांध रही है। यह सिलसिला पिछले 25 सालों से बदस्तूर जारी है।
दरअसल अलीगढ़ निवासी जेबुन्निसा ने भाई-बहन के रिश्ते को निभाते हुए रक्षाबंधन पर शनिवार को भी डॉ. सैनी को रक्षा सूत्र बांधा। यह परंपरा कोई नई नहीं है, जेबुन्निसा पिछले 25 वर्षों से हर रक्षाबंधन पर डॉ. सैनी को राखी बांधती आ रही हैं, जो न केवल उनके बीच के भावनात्मक बंधन को दर्शाता है, बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता और सांस्कृतिक सौहार्द का भी प्रतीक है। जेबुन्निसा के साथ परिजन ईमा खान, मुहम्मद बाकर खान, समीम बानो, मुहम्मद लईक, निकत और नबील खान भी मौजूद थे। डॉ. सैनी ने इस रिश्ते को अपनी साझा संस्कृति और एकता का प्रतीक बताया। इस दौरान डॉ. सैनी की पत्नी पाना देवी भी मौजूद थी। दरअसल जेबुन्निसा डॉ. सैनी के मित्र टोंक निवासी मुन्ना की बहन है, जो वर्षों से यह परंपरा निभा रही है।



